शाहीन बाग: बुर्का पहन वीडियो बनाती पकड़ी गई यूट्यूबर गुंजा कपूर


एल.एस.न्यूज नेटवर्क,नयी दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में बुधवार को बुर्का पहनकर पहुंची यू ट्यूब चैनल चलाने वाली महिला को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि “बहुत सारे सवाल’ करने पर सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान गुंजा कपूर के तौर पर हुई है। उसने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर खुद का परिचय यू ट्यूब चैनल ‘राइट नेरेटिव” की संचालक के तौर पर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर गुंजा कपूर को फॉलो करते हैं।  पुलिस के मुताबिक, उसने बहुत सारे सवाल किए, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को शक हुआ।


पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुंजा कपूर को पहचानने के बाद कुछ महिला प्रदर्शनकारियों ने उसके पकड़ लिया। इस घटना से शाहीन बाग में हलचल मच गई। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ शाहीन बाग में प्रदर्शन चल रहा है। उन्होंने कहा कि महिला को सरिता विहार थाने ले जाया गया, जहां उसकी पहचान की पुष्टि की गई। उन्होंने बताया कि उससे पूछताछ की गई और उसे छोड़ दिया गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वह अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग कर रही थी।

 

 

घटना के बाद बयान जारी कर कपूर ने दावा किया कि तीन फरवरी को वह समाचार चैनल की चर्चा में जामिया मिल्लिया इस्लामिया में गई थी औरकरीब 20 मिनट में उन्हें खदेड़ दिया गया था और लोग उनसे बात करने को राज़ी नहीं थे। कपूर ने आरोप लगाया कि शाहीन बाग में एक खबरिया चैनल की महिला पत्रकार के साथ ‘हाथापाई’ के बाद, उन्होंने बुर्का पहनकर जाने का फैसला किया, ताकि प्रदर्शनकारी उनके साथ बात करने में झिझके नहीं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘ लेकिन मेरी पहचान सामने आने के बाद उन्होंने मेरे साथ हाथापाई की।” कपूर ने कहा कि वह अपने यू ट्यूब चैनल के लिए ‘स्टोरी’ करने गई थी।